न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
उर्दू भाषा और साहित्य के संवर्द्धन के उद्देश्य से आगामी 7 फरवरी, शनिवार को स्थानीय टाउन हॉल, भागलपुर में एक दिवसीय जिला स्तरीय ‘फ़रोग़-ए-उर्दू’ सेमिनार एवं मुशायरा का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम उर्दू निदेशालय (मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग), बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में जिला उर्दू भाषा कोषांग, भागलपुर द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी, भागलपुर डॉ. नवल किशोर चौधरी (भा.प्र.से.) द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में अपर सचिव सह निदेशक, उर्दू निदेशालय, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग, बिहार, पटना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
सेमिनार का आयोजन पूर्वाह्न 10 बजे से किया जाएगा, जिसमें जिले के सभी सरकारी विद्यालयों एवं मदरसों के उर्दू शिक्षक भाग लेंगे। ‘फ़रोग़-ए-उर्दू’ सेमिनार के तहत उर्दू शिक्षाविदों द्वारा आलेख पाठ किया जाएगा तथा उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार और शिक्षा से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए जाएंगे।
इसके साथ ही आयोजित मुशायरे में जिले एवं बाहर से आए कवि अपनी ग़ज़लों और अशआर के माध्यम से उर्दू अदब की खूबसूरती से श्रोताओं को रूबरू कराएंगे।
जिला उर्दू भाषा कोषांग, भागलपुर की प्रभारी पदाधिकारी श्रीमती सुभाषिनी प्रसाद ने जिले के सभी उर्दू शिक्षकों, साहित्यकारों एवं उर्दू प्रेमियों से इस सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।


























