न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के विश्वविद्यालय औद्योगिक संबंध एवं कार्मिक प्रबंध विभाग (आईआरपीएम) में शिक्षकेत्तर कर्मचारी राम चंद्र मंडल के सम्मान में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभाग के स्नातकोत्तर सेमेस्टर–I (सत्र 2025–27) एवं सेमेस्टर–III (सत्र 2024–26) के छात्र–छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर प्रभारी विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ शिक्षक प्रोफेसर (डॉ.) रवि प्रकाश यादव ने श्री मंडल के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विभाग के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक वातावरण को सुचारू बनाए रखने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि “आपके बिना कार्यालय पहले जैसा नहीं रहेगा। आपका सहयोग और समर्पण सदैव याद किया जाएगा। जहाँ भी रहें, सफलता की ऊँचाइयाँ छुएँ।”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री मुकेश कुमार विजेता ने कहा कि श्री मंडल की मेहनत, अनुशासन और कार्य के प्रति निष्ठा विभाग के लिए प्रेरणास्रोत रही है। वहीं डॉ. देवेंद्र कुमार ने विभाग के प्रति उनके दीर्घकालिक समर्पण को रेखांकित करते हुए कहा कि “अलविदा कहना कठिन है, लेकिन उनके आने वाले जीवन की नई यात्रा के लिए हम सभी शुभकामनाएँ देते हैं।”
कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम संयोजक महादेव कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि राम चंद्र मंडल का योगदान विभाग के इतिहास में अमिट छाप छोड़ने वाला रहेगा। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह को सफल बनाने में विभाग के चंदन कुमार (गैर-शिक्षण कर्मचारी) सहित छात्र–छात्राओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह का माहौल भावनात्मक और गरिमामय रहा, जिसमें सभी ने श्री मंडल के साथ बिताए पलों को साझा किया।

































