फारबिसगंज सुभाष चौक पर पूजा पाठ के बाद शुरू हुआ आरओबी का निर्माण, 88.55 करोड़ की लागत से 828.40 मीटर लंबा बनेगा आरओबी

न्यूज स्कैन ब्यूरो,अररिया
फारबिसगंज के सुभाष चौक पर 88.55 करोड़ रुपये की लागत से 828.40 मीटर लंबा रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य की शुरुआत बुधवार को शुरू कर दी गई है।निर्माण कार्य से पहले बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अधिकारियों और निर्माण करने वाली देवघर की हरदेव कंस्ट्रक्शन के कर्मचारियों ने सुभाष चौक के पास पूजा पाठ की।निर्माण कार्य को लेकर सुभाष चौक से नेपाल की ओर जाने वाली सड़क को ब्लॉकेज कर दिया गया है और उस सड़क से चार पहिया वाहन सहित बड़ी गाड़ियों के परिचालन को रोक दिया गया है।मौके पर बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के एक्जीक्यूटिव रविरंजन कुमार के साथ देवघर हरदेव कंस्ट्रक्शन के कर्मचारियों के अलावा समाजसेवी सत्येंद्र पंकज,कुंज बिहारी गोयल, चरणदीप सिंह,संजय कुमार साह,सुनील कुमार,जयप्रकाश मोहन,खगेन्द्र साह आदि मौजूद थे।पूजा पाठ के बाद मौजूद लोगों और स्थानीय लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान फारबिसगंज सुभाष चौक पर रेल ओवर ब्रिज निर्माण की घोषणा की थी और निविदा प्रक्रिया के बाद निर्माण एजेंसी के द्वारा निर्माण सामग्री का स्टॉक मिथिला पब्लिक स्कूल के पास किया गया।जिसके बाद बुधवार को आरओबी निर्माण कार्य शुरू करने को लेकर पूजा पाठ किया गया।इस आरओबी का निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा किया जाएगा और इसे 36 महीने में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।निविदा प्रक्रिया उपरांत अधिकारियों के द्वारा भू अर्जन और निर्माण की तैयारियों का जायजा भी लिया जा चुका है।
उल्लेखनीय हो कि 22 फरवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रगति यात्रा के दौरान अररिया का दौरा किया था।जिसमें उन्होंने 304.66 करोड़ रुपये की 449 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था।प्रगति यात्रा के दौरान ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फारबिसगंज में जाम की समस्या से निबटने को लेकर सुभाष चौक पर रेल ओवर ब्रिज निर्माण की घोषणा की थी।घोषणा की बाद मुख्यमंत्री ने प्राथमिकता को तौर पर कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को पारित करवाते हुए निर्माण कार्य को लेकर प्रारंभ करवा दिया था।जिस कड़ी में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के द्वारा निविदा निकालने के बाद देवघर की कंस्ट्रक्शन कंपनी को निर्माण कार्य की जिम्मेवारी सौंपी गई।निर्माण करने वाली एजेंसी के द्वारा पूजा पाठ के बाद काम की शुरुआत किए जाने से इलाके के लोगों में खुशी है।
मौके पर मौजूद बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के एक्जीक्यूटिव रवि रंजन ने बताया कि सुभाष चौक पर आज दो से तीन पीलर निर्माण को लेकर पाइलिंग का काम किया जाएगा। पाइलिंग के लिए गड्ढे खोदे जाने के बाद पीलर की ढलाई की जाएगी।