न्यूज स्कैन ब्यूरो,अररिया
फारबिसगंज के दीनदयाल चौक स्थित ओम एजेंसी किराना के थोक विक्रेता प्रतिष्ठान में 20 नवंबर शाम को हुए 8.21 लाख रूपये लूटकांड मामले में पुलिस ने तीन दिनों के बाद गिरोह के शिनाख्त कर लेने का दावा किया है और मामले में स्थानीय एक लाइनर को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार लाइनर भागकोहलिया का रहने वाला 24 वर्षीय नरेश मंडल पिता स्व.जगदीश मंडल है। जानकारी एसपी अंजनी कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में रविवार शाम आयोजित प्रेस वार्ता में दी। पुलिस ने लाइनर नरेश मंडल की गिरफ्तारी के साथ घटना में उपयोग में लाए गए मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद किया है।
एसपी अंजनी कुमार ने बताया कि 20 नवंबर की शाम जीवराज पारख चौक स्थित ओम एजेंसी किराना दुकान में 8 लाख 21 हजार रुपये की चार नकाबपोश अपराधियों के द्वारा लूट की गई थी। मामले को लेकर प्रतिष्ठा के 21 वर्षीय राहुल कुमार पिता सुरेंद्र प्रसाद कनौजिया के फर्द बयान पर फारबिसगंज थाना में प्राथमिकी कांड संख्या 581/25 दिनांक 21.11.25 धारा 309(4) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। एसपी ने बताया कि मामले के उद्वेदन को लेकर फारबिसगंज अनुमंडल पदाधिकारी की मुकेश कुमार साहब के नेतृत्व में फारबिसगंज थाना और डीआईयू की टीम को मिलाकर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल द्वारा तकनीकी अनुसंधान सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन और सूचना संकलन के पश्चात पाया कि घटना को अंतर जिला अपराधियों द्वारा स्थानीय अपराधियों के साथ मिलकर अंजाम दिया गया। तकनीकी अनुसंधान के आधार पर घटना में लाइनर की भूमिका निभाने वाले भागकोहलिया निवासी 24 वर्षीय नरेश मंडल को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद किया गया। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार लाइनर ने घटना में शामिल स्थानीय एवं अंतर जिला अपराधियों की के बारे में जानकारी दी है जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
छापामारी दल में डीआईयू के साथ फारबिसगंज थानाध्यक्ष राघवेन्द्र कुमार सिंह,एसआई आशुतोष कुमार विजय कुमार सत्येंद्र कुमार गुप्ता आकाश कुमार काजल कुमारी के साथ सशस्त्र पुलिस बल के जवान मौजूद थे।
वहीं दूसरी और घटना के तीन दिन के बाद पैसों की बरामदगी नहीं हो पाने और लाइनर के नाम पर एक की गिरफ्तारी को लेकर व्यवसाईयों के बीच कई तरह की चर्चाएं फिजा में गूंज रही है।
फारबिसगंज किराना कारोबारी से 8.21 लाख लूटकांड मामले में लाइनर गिरफ्तार,अपराधी गिरोह के शिनाख्त का दावा,पैसों की बरामदगी अब तक नहीं
































