न्यूज़ स्कैन रिपोर्टर, कहलगांव
घोघा थाना क्षेत्र के पक्कीसराय गांव में ग्रामीण कार्य विभाग की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। बिना सड़क बने ही विभाग ने सड़क निर्माण पूरा होने का शिलापट लगा दिया। इस फर्जीवाड़े से गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार शाम NH-80 को करीब ढाई घंटे तक जाम कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि विभाग ने रतन चौरसिया की दुकान से काली मंदिर होते हुए दुर्गा स्थान रेलवे लाइन तक करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क बनने का दावा करते हुए शिलापट गाड़ दिया, जबकि सड़क का एक इंच भी निर्माण नहीं हुआ है।
शाम 6 बजे से शुरू हुआ यह जाम रात 8:30 बजे तक चला। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, राहगीर घंटों फंसे रहे और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
आख़िरकार थानाध्यक्ष अजीत कुमार के हस्तक्षेप और समस्या समाधान के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया।

इस मामले में विभागीय अभियंता मनोज कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि 12 मई 2025 को मुख्यमंत्री द्वारा रिमोट से बिहार की कई सड़कों का शिलान्यास किया गया था। पक्कीसराय की यह सड़क भी उसी सूची में शामिल है और काम अब शुरू होना है। रविवार को विधायक पवन कुमार यादव द्वारा इसका औपचारिक शिलान्यास किया जाएगा।


























