न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
चिकित्सा व्यवस्था पर एक बार फिर शर्मनाक सवाल खड़ा हो गया है। भागलपुर में एक झोलाछाप डॉक्टर ने यूट्यूब वीडियो देखकर गर्भवती महिला का ऑपरेशन कर दिया, जिसका खामियाजा महिला को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। ऑपरेशन के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव होने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गर्भ में पल रहा बच्चा सुरक्षित बताया जा रहा है।
मृत्यु के बाद गुस्साए परिजनों का सब्र जवाब दे गया। उन्होंने क्लिनिक के बाहर महिला का शव रखकर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि बिना किसी योग्यता और संसाधन के झोलाछाप डॉक्टर ने जानलेवा सर्जरी कर डाली और महिला की मौत के बाद मौके से किनारा कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मायागंज अस्पताल भेज दिया गया।
मृतका की पहचान स्वाति देवी (31 वर्ष) के रूप में हुई है। स्वाति का ससुराल झारखंड के ठाकुरगंज मोतिया गांव में है। पति रोशन साह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। यह दर्दनाक घटना कहलगांव थाना क्षेत्र के एकचारी गांव में घटी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में झोलाछाप डॉक्टरों का नेटवर्क बेखौफ चल रहा है और प्रशासन की अनदेखी के कारण आए दिन लोगों की जान जा रही है। सवाल यह है कि आखिर कब तक यूट्यूब के सहारे इलाज होता रहेगा और कब प्रशासन ऐसे फर्जी डॉक्टरों पर कार्रवाई करेगा?
अब देखना होगा कि पुलिस जांच के बाद दोषियों पर सख़्त कार्रवाई होती है या यह मामला भी फाइलों में दफन होकर रह जाएगा।
यूट्यूब देखकर ऑपरेशन! भागलपुर में झोलाछाप डॉक्टर की हैवानियत, गर्भवती महिला की मौत

































