स्नातकोत्तर वनस्पति विज्ञान विभाग में उद्यमिता कौशल विकास एवं पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर वनस्पति विज्ञान विभाग में शुक्रवार को एनटीपीसी कहलगांव के सौजन्य से उद्यमिता कौशल विकास एवं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित एक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “Green Skills for a Greener Tomorrow” रहा।
इस कार्यक्रम में एनएसएस द्वारा आयोजित राष्ट्रीय एकता शिविर–2026 के अंतर्गत देश के 15 राज्यों से आए एनएसएस स्वयंसेवकों एवं कार्यक्रम पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्नातकोत्तर वनस्पति विज्ञान विभाग की अध्यक्षा डॉ. सीता भगत ने की, जबकि कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन विभाग के सीनियर असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विवेक कुमार सिंह द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एनएसएस के क्षेत्रीय निदेशक विनय कुमार रहे। वहीं, एनएसएस तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के समन्वयक डॉ. राहुल कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित थे। विभिन्न राज्यों से आए एनएसएस यूनिट के कार्यक्रम अधिकारी एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए कार्यक्रम से लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर डॉ. विवेक कुमार सिंह ने पर्यावरण संरक्षण के साथ उद्यमिता कौशल को कैसे विकसित किया जाए और किस प्रकार हरित कौशल भविष्य को अधिक सुरक्षित और सुगम बना सकते हैं, इस विषय पर विस्तार से जानकारी दी। विभाग के प्रोजेक्ट वैज्ञानिक डॉ. रंजन कुमार मिश्रा ने प्रायोगिक रूप से विभिन्न उद्यमिता कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में वर्मी कम्पोस्टिंग, मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन एवं शहद उत्पादन, मखाना की खेती एवं उत्पादन, पौधारोपण तथा वन संरक्षण जैसे विषयों पर गहन चर्चा एवं व्यावहारिक प्रस्तुति की गई। इन प्रायोगिक विधियों का प्रतिभागियों पर सकारात्मक एवं उपयोगी प्रभाव पड़ा। दूर-दराज के राज्यों से आए प्रतिभागियों ने इन तकनीकों को गंभीरता से समझा और भविष्य में अपनाने की इच्छा व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने जिज्ञासाओं का समाधान विशेषज्ञों से प्राप्त किया। इसी क्रम में भागलपुर के प्रसिद्ध समाज सुधारक डॉ. मनोज कुमार ने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को जागरूक किया।
समापन सत्र में डॉ. विवेक कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभाग के शोधार्थी अमितेश कुमार, अंशु कुमारी, रिचा कुमारी, गौरी सिंह, कुमार गौरव तथा एमएससी सेमेस्टर–1 के विद्यार्थियों का उल्लेखनीय योगदान रहा।