स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर का ऊर्जा सचिव ने किया निरीक्षण, ग्रिड फ्रीक्वेंसी, वोल्टेज और पावर फ्लो की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग करने का निर्देश

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
ऊर्जा विभाग के सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह ने पटना स्थित विद्युत भवन में स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (SLDC) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार भी मौजूद रहे।
सचिव ने SLDC में पहुंचकर राज्य की बिजली आपूर्ति व्यवस्था, उपभोक्ताओं को दी जा रही बिजली की स्थिति, ग्रिड फ्रीक्वेंसी, वोल्टेज तथा पावर फ्लो की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रिड की सभी गतिविधियों की 24×7 निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि बिहार में बिजली प्रणाली का एकीकृत और निर्बाध संचालन जारी रहे।
उन्होंने कहा कि SLDC राज्य की बिजली व्यवस्था का मुख्य नर्व सेंटर है, जहाँ से उत्पादन, ट्रांसमिशन और वितरण प्रणाली की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग की जाती है। सचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए लोड और सप्लाई का संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि उपभोक्ताओं को बिना रुकावट गुणवत्तापूर्ण बिजली मिल सके।
निरीक्षण के दौरान श्री सिंह ने ग्रिड डेटा विश्लेषण, लोड प्रबंधन और बिजली प्रवाह के नियंत्रण से संबंधित तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिजली की बढ़ती खपत और उपभोक्ता आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी कदम समय पर उठाए जाएं, जिससे राज्यभर में सुरक्षित और स्थिर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
सचिव ने कहा कि SLDC की मजबूत और सतत निगरानी व्यवस्था ही राज्य की बिजली प्रणाली को सुचारू रखती है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को ग्रिड प्रबंधन में पेशेवर दक्षता, तेजी और सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया।