न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
सुपौल–त्रिवेणीगंज नई रेलखंड पर इलेक्ट्रिक ट्रेनों के परिचालन की दिशा में रेलवे विभाग ने अहम कदम बढ़ाया है। रेलवे के प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता (पीसीईई) आर.के. चौधरी ने सुपौल से त्रिवेणीगंज तक पूरे रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया। यह निरीक्षण इलेक्ट्रिक ट्रेन संचालन से पहले किए जाने वाले आवश्यक इलेक्ट्रिक वेरिफिकेशन के तहत किया गया।
निरीक्षण के दौरान पीसीईई ने रेलखंड पर स्थापित ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई), विद्युत पोल, ट्रांसमिशन लाइन, सब-स्टेशन और अन्य विद्युत संरचनाओं की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही सुरक्षा मानकों, इंसुलेशन, अर्थिंग सिस्टम और तकनीकी गुणवत्ता का भी आकलन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि रेलखंड इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेन परिचालन के लिए पूरी तरह सुरक्षित और तकनीकी रूप से सक्षम है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार सुपौल–त्रिवेणीगंज रेलखंड पर इलेक्ट्रिफिकेशन का अधिकांश कार्य पूरा कर लिया गया है। अब पीसीईई द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट की स्वीकृति के बाद इस रेलखंड पर इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इससे ट्रेनों की गति में वृद्धि होगी और परिचालन अधिक सुचारु तथा भरोसेमंद बनेगा।
इलेक्ट्रिक ट्रेन सेवा शुरू होने से क्षेत्र के यात्रियों को तेज, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल रेल सुविधा मिलेगी। डीजल इंजनों की तुलना में इलेक्ट्रिक इंजन कम प्रदूषण फैलाते हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही यात्रा समय घटने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
































