न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
बिहार विधान सभा आम निर्वाचन के सफल, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए रविवार को टाउन हॉल, सुपौल में सेक्टर, जोनल एवं सुपर जोनल पदाधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी सावन कुमार ने की।
ब्रीफिंग के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी का यह दायित्व है कि वे निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और दक्षता के साथ संपन्न कराएं।
बैठक में उपस्थित सुपर जोनल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने तथा जोनल एवं सेक्टर पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सेक्टर पदाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने हेतु कहा गया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर सभी व्यवस्थाएँ सुचारु रूप से रहें और मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक सरथ आर एस ने भी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सभी अधिकारी संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतें तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रभावी पुलिस गश्ती एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों से अपील की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ करें ताकि लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाया जा सके।
































