शिक्षा के मंदिर में शराब–कबाब और बारबालाओं का नाच! कैमूर के दो शिक्षकों की करतूत से शर्मसार हुआ स्कूल

प्रमोद कुमार, कैमूर
कैमूर जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां बच्चों को संस्कार और शिक्षा देने वाले शिक्षक ही स्कूल को अय्याशी का अड्डा बनाते नजर आ रहे हैं। मामला भभुआ प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, पाईया का है, जहां दो शिक्षकों की हरकतों ने पूरे इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार रोजाना शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचते हैं। उनके इस व्यवहार से स्कूल का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया है। पढ़ाई-लिखाई ठप हो जाती है और बच्चे व अन्य शिक्षक भी परेशान रहते हैं। आरोप है कि मध्याह्न भोजन (MDM) बनवाने के दौरान स्कूली बच्चों से ही काम करवाया जाता है, जो नियमों का खुला उल्लंघन है।
इतना ही नहीं, स्कूल से जुड़े एक और शिक्षक धर्मेंद्र शर्मा पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि वह रात के समय बारबालाओं के साथ अश्लील हरकतें करते हुए देखे गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी स्कूल परिसर में मछली पार्टी तो कभी शराब पार्टी होती है, जिससे शिक्षा के इस मंदिर की गरिमा पूरी तरह तार-तार हो रही है।
गांव के लोगों और अभिभावकों में इस मामले को लेकर जबरदस्त नाराजगी है। उनका कहना है कि जिन शिक्षकों पर बच्चों का भविष्य बनाने की जिम्मेदारी है, वही अगर शराब और अय्याशी में डूबे रहेंगे तो आने वाली पीढ़ी क्या सीखेगी?
इस पूरे मामले पर कैमूर के जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) रंजन कुमार ने कहा है कि शिकायत की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर दोनों शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या शिक्षा विभाग वास्तव में इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करेगा, या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा? फिलहाल पूरे इलाके की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।