- सभापति विकास तिवारी ने किया शिलान्यास, लगभग 18.74 लाख रुपये की लागत से दो माह में होगा निर्माण
न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिले के भभुआ नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-14 में शुक्रवार को नाला निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। नगर परिषद के सभापति विकास तिवारी उर्फ बब्लू तिवारी ने एकता चौक से लेकर मुन्ना डोम के घर तक बनने वाले नाले का शिलान्यास किया। इस नाला निर्माण से क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से चली आ रही जलजमाव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर परिषद से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस योजना के लिए कुल 24 लाख 99 हजार 400 रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जबकि 18 लाख 74 हजार 550 रुपये की राशि पर इकरारनामा किया गया है। निर्धारित योजना के तहत नाले का निर्माण कार्य लगभग दो माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर पर नगर परिषद सभापति विकास तिवारी ने कहा कि आजादी के बाद कई जनप्रतिनिधि इस क्षेत्र से चुने गए, लेकिन नाला निर्माण की समस्या का समाधान नहीं हो पाया। बरसात के मौसम में जलजमाव के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था और लगातार इसकी शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर उन्होंने नगर परिषद बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव दिया था, जिसे मंजूरी मिलने के बाद आज निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
उन्होंने कहा कि नाला बनने से वार्ड-14 के लोगों को जलजमाव से राहत मिलेगी और क्षेत्र में साफ-सफाई व जलनिकासी की व्यवस्था बेहतर होगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में उपसभापति रविता पटेल, वार्ड-14 की पार्षद उमा देवी, विजय रावत समेत कई वार्ड सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे।































