न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
ज्योति कला संगम महाविद्यालय, चम्पानगर के प्रांगण में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्रा एवं शिक्षिका डॉ. चंद्रकला श्रीवास्तव को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। डॉ. श्रीवास्तव ने प्राचीन कला केंद्र, चंडीगढ़ के पूर्वी क्षेत्र में आयोजित भाव संगीत (Bhav Sangeet) की भास्कर डिग्री परीक्षा में द्वितीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय और भागलपुर का नाम रोशन किया है। उल्लेखनीय है कि उन्हें 18 जनवरी को कोलकाता में आयोजित प्राचीन कला केंद्र, पूर्वी क्षेत्र के समारोह में रजिस्ट्रार समीरा कौशर एवं कथक नृत्य विशेषज्ञ डॉ. सुमित्रा मित्रा मुखर्जी द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
महाविद्यालय परिवार की ओर से भी डॉ. चंद्रकला श्रीवास्तव को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए संस्थान के संस्थापक चंचल कुमार सिंह ने कहा कि यह महाविद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है कि भागलपुर जैसे शहर से भाव संगीत की परीक्षा में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का निरंतर प्रयास है कि संगीत एवं कला की विभिन्न विधाएं जन-जन तक पहुँचें और युवाओं को मंच एवं मार्गदर्शन मिले।
इस अवसर पर समाजसेवी राजेंद्र प्रसाद मंडल, संगीत विशेषज्ञ नव कुमार महारथी, डॉ. रविंद्र श्रीवास्तव एवं राजू सिन्हा को भी अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों द्वारा भजन एवं ग़ज़ल की सुमधुर प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिससे समारोह का वातावरण संगीतमय हो उठा।
मौके पर संगीत शिक्षक रंजीत कुमार रंजन, पंकज कुमार, सोनी कुमारी, नीतीश कुमार, जयप्रकाश सिंह सहित महाविद्यालय से जुड़े अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह का संचालन रंगकर्मी कपिलदेव रंग ने किया।
ज्योति कला संगम महाविद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित, डॉ. चंद्रकला श्रीवास्तव सम्मानित

































