न्यूज स्कैन ब्यूरो, कटिहार
जिले के कोढ़ा प्रखंड स्थित हाई स्कूल मैदान में शनिवार को एनडीए का विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस अवसर पर बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बिहार को नई ऊँचाइयों पर ले जा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। कटिहार सहित सीमांचल क्षेत्र में अब विकास की गति और तेज़ होगी। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पूर्णिया से जल्द ही हवाई सेवा शुरू होने जा रही है और इसके लिए निर्माण कार्य की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
सम्राट चौधरी ने सभा में उपस्थित हजारों कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर एनडीए गठबंधन को मजबूत करें। उन्होंने विशेष रूप से कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कविता देवी का नाम लेते हुए कहा कि विकास की इस रफ्तार को बनाए रखने के लिए कार्यकर्ताओं को उनके समर्थन में मजबूती से खड़ा रहना होगा।
सम्मेलन को सफल बनाने में विधायक प्रतिनिधि रमन झा, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष मनोज सिंह, जदयू प्रखंड अध्यक्ष अभिषेक सिंह कुशवाहा, वरिष्ठ नेता मनोज ठाकुर, डोमन चौधरी, राज किशोर सिंह, संतोष मेहता, कुणाल सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं का योगदान सराहनीय रहा।

































