इंटरमीडिएट की परीक्षा 2 फरवरी से 59 केंद्रों पर होगी

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
इंटरमीडिएट वार्षिक सैद्धांतिक परीक्षा–2026 के सफल, कदाचार-मुक्त और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर मंगलवार को समीक्षा भवन, भागलपुर में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी परीक्षा केंद्र अधीक्षक एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि इंटरमीडिएट की वार्षिक सैद्धांतिक परीक्षा 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी। भागलपुर जिले में कुल 59 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सदर अनुमंडल में 40, नवगछिया अनुमंडल में 10 तथा कहलगांव अनुमंडल में 09 परीक्षा केंद्र शामिल हैं।
परीक्षा के दिन प्रथम पाली के परीक्षार्थियों को पूर्वाह्न 9:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली के परीक्षार्थियों को अपराह्न 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्र पर केंद्र अधीक्षक को छोड़कर किसी भी कर्मी या परीक्षार्थी को मोबाइल फोन रखने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्र पर उपलब्ध फोटोस्टेट मशीन, कॉपीयर, डुप्लीकेटर आदि का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
साथ ही परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार के अतिरिक्त सभी पार्श्व एवं पीछे के द्वारों को सुबह 8:00 बजे से परीक्षा समाप्ति तक बंद रखने तथा किसी भी प्रकार के आवागमन पर सख्त प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया गया।
परीक्षार्थियों की जांच व्यवस्था को सख्त करते हुए बताया गया कि परीक्षा केंद्र में जूता-मोजा पहनकर प्रवेश वर्जित रहेगा। सभी परीक्षार्थियों को चप्पल पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा।
इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के दौरान परीक्षा कक्ष में एक बेंच पर अधिकतम दो परीक्षार्थियों को बैठाने की व्यवस्था की जाएगी।
परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था एवं समन्वय के लिए अनुमंडल कार्यालय, सदर भागलपुर परिसर स्थित सभाकक्ष में जिला नियंत्रण कक्ष संचालित रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 0641-2402082 रहेगा। जिला नियंत्रण कक्ष की प्रभारी पदाधिकारी अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी, भागलपुर श्रीमती बंदना कुमारी होंगी। उनके साथ आईटीआई भागलपुर के अनुदेशक देवराज कुमार तथा वरीय सहकारिता प्रसार पदाधिकारी शशि कुमार नियंत्रण कक्ष में कार्यरत रहेंगे।