भागलपुर में इंटरमीडिएट परीक्षा के दूसरे दिन डीएम और एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक सैद्धांतिक परीक्षा के दूसरे दिन जिलाधिकारी, भागलपुर डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने संयुक्त रूप से सीएमएस हाई स्कूल, भागलपुर स्थित परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षार्थियों के प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, कदाचार निरोधक उपायों, सुरक्षा एवं परीक्षा संचालन की समग्र स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। इसके अलावा परीक्षा कक्षों, नियंत्रण कक्ष और केंद्र परिसर में तैनात कर्मियों की उपस्थिति एवं सतर्कता की समीक्षा भी की गई।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने परीक्षा केंद्र पर तैनात दंडाधिकारियों, केंद्राधीक्षक और अन्य कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा का संचालन पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और कदाचार-मुक्त वातावरण में होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो और निर्धारित परीक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।