सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय में जिला और जोनल एवं राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता का होगा 6 जनवरी से आयोजन

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत संचालित सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय द्वारा बिहार कौशल विकास मिशन (बीएसडीएम), युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के सहयोग से जिला/जोनल एवं राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन किया जा रहा है।यह तीन दिवसीय कौशल प्रतियोगिता 6 जनवरी 2026 से 8 जनवरी 2026 तक सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय परिसर में आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में तकनीकी दक्षता, व्यावहारिक कौशल एवं उद्योगोन्मुख क्षमता का विकास करना है, जिससे वे रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए सशक्त बन सकें।
बीएसडीएम के दिशा-निर्देशों के अनुसार, जिन स्किल्स में 10 से अधिक प्रतिभागी उपस्थित होंगे, उनमें पहले जिला स्तर की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, तथा जिला स्तर में चयनित प्रतिभागियों के लिए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता भी आयोजित होगी।
स्किल प्रतियोगिता का तिथि-वार विवरण- 6 जनवरी 2026
• वेब टेक्नोलॉजीज
• केमिकल टेक्नोलॉजीज
• सीएनसी टर्निंग
7 जनवरी 2026
• इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशंस
• इलेक्ट्रॉनिक्स
• क्लाउड कंप्यूटिंग
8 जनवरी 2026
• मोबाइल एप्लिकेशन
• सीएनसी मिलिंग
• नवीकरणीय ऊर्जा
• ब्रिकलेयरिंग
इन प्रतियोगिताओं में बिहार के विभिन्न जिलों से कुल 172 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जो तकनीकी एवं निर्माण क्षेत्र सहित आधुनिक तकनीकों में अपनी दक्षता का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का मूल्यांकन विशेषज्ञों एवं तकनीकी जानकारों द्वारा किया जाएगा, जिससे निष्पक्षता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय के डीन एकेडेमिक्स एवं स्किल प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी, डॉ. चन्दन कुमार ने बताया कि यह प्रतियोगिता राज्य के युवाओं को एक साझा मंच प्रदान करेगी, जहां वे अपनी तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि बीएसडीएम द्वारा इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए संस्थान को चयनित किया जाना गर्व की बात है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ युवाओं को कौशल आधारित शिक्षा से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें रोजगारोन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
यह प्रतियोगिता बीएसडीएम एवं सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय का संयुक्त प्रयास “स्किल इंडिया” एवं “आत्मनिर्भर बिहार” की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।कौशल आधारित प्रतियोगिताएँ छात्रों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित नहीं रखतीं, बल्कि उन्हें वास्तविक उद्योग आवश्यकताओं से जोड़ती हैं। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, नवाचार एवं रोजगार क्षमता को बढ़ाने में अत्यंत सहायक होते हैं।
प्राचार्य डॉ. अच्युतानंद मिश्र ने बीएसडीएम द्वारा संस्थान पर विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा किसुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय को राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी मिलना गौरव की बात है। यह आयोजन न केवल संस्थान की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक क्षमता को दर्शाता है, बल्कि क्षेत्र के युवाओं को आगे बढ़ने के लिए एक सशक्त मंच भी प्रदान करता है।
उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी सहायक प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।
इस तरह के प्रतियोगिता बिहार सरकार के कुशल, सक्षम एवं आत्मनिर्भर युवा तैयार करने के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।