न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
पैक्स चुनाव के तहत सरायगढ़ भपटियाही प्रखंड के चाँद पिपर पंचायत में स्थापित मतदान केंद्रों का निरीक्षण शुक्रवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान प्रक्रिया, विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने उपस्थित दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं चुनाव कर्मियों को निर्देश दिया कि पैक्स चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। निरीक्षण के समय संबंधित प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

































