छठ महापर्व पर डीएम ने किया घाटों का निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

न्यूज स्कैन ब्यूरो, भागलपुर
लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर सोमवार को पूरे जिले में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। महिलाएँ और पुरुष श्रद्धालु सुबह से ही व्रत और पूजा की तैयारियों में जुटे रहे। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने स्वयं शहर के प्रमुख छठ घाटों का भ्रमण कर तैयारियों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बरारी पुल घाट, बूढ़ानाथ घाट, आदमपुर घाट सहित शहर के अन्य प्रमुख घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल आपूर्ति और चिकित्सा सुविधा की बारीकी से समीक्षा की।
डीएम ने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि घाटों के समीप पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती रहे, वहीं एसडीआरएफ और गोताखोर टीम नदी में लगातार निगरानी बनाए रखें। उन्होंने नगर निगम को घाटों की सफाई, कचरा निस्तारण और लाइटिंग व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश भी दिए।
नगर आयुक्त शुभम कुमार ने बताया कि सभी प्रमुख घाटों पर सफाई, प्रकाश व्यवस्था और जल आपूर्ति की विशेष व्यवस्था की गई है। बूढ़ानाथ घाट, बरारी घाट और आदमपुर घाट पर नगर निगम के कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कई व्रतियों और श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है ताकि छठ पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण माहौल में सम्पन्न हो।
शाम होते-होते सभी घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। पूरे शहर में आस्था का ज्वार उमड़ पड़ा। प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त शुभम कुमार, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, उपनगर आयुक्त, एसडीआरएफ टीम, नगर निगम कर्मी तथा पुलिस बल मौजूद रहे।