न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
भागलपुर जिले में औद्योगिक विकास को नई गति देने, स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने और स्टार्टअप उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को समीक्षा भवन में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि उद्यमियों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि भागलपुर उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान बना सके। उन्होंने जिले के पारंपरिक एवं नवाचार आधारित उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर विशेष बल दिया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले से निर्यात को बढ़ावा देने के लिए एक ‘डेडिकेटेड कंसल्टेंट सेल’ के गठन का प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेजा जाए। यह सेल स्थानीय उद्यमियों और स्टार्टअप्स को इंटरनेशनल मार्केटिंग, एक्सपोर्ट डॉक्यूमेंटेशन, क्वालिटी सर्टिफिकेशन और वैश्विक व्यापार प्रक्रियाओं में तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करेगा।
मत्स्य पालन में तकनीकी नवाचार पर जोर
बैठक में जिलाधिकारी ने मत्स्य पालन के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक अपनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए मत्स्य पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वे स्टार्टअप्स के साथ टाई-अप स्थापित करें, ताकि नई तकनीकों और नवाचारों का लाभ स्थानीय मछुआरों एवं उद्यमियों को मिल सके।
पावर कट की समस्या पर सख्ती
STEPI स्टार्टअप्स द्वारा लगातार बिजली कटौती की समस्या उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उद्योगों के लिए बिजली जैसी बुनियादी सुविधा में किसी प्रकार की बाधा स्वीकार्य नहीं होगी।
औद्योगिक प्रगति पर प्रेजेंटेशन
बैठक के दौरान जीएम डीआईसी खुशबू, प्रोजेक्ट मैनेजरों एवं IEO टीम द्वारा जिले में औद्योगिक विकास, स्टार्टअप्स की स्थिति और निवेश संभावनाओं पर विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया। जिलाधिकारी ने व्यक्तिगत रूप से स्टार्टअप उद्यमियों से संवाद कर उनके प्रयासों की सराहना की और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने कहा—“भागलपुर के उद्यमियों और स्टार्टअप्स की हर जरूरत को पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है। बिजली की समस्या हो या बाजार की उपलब्धता, हर बाधा को दूर किया जाएगा, ताकि भागलपुर का हुनर वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना सके।”
बैठक में उप विकास आयुक्त (DDC), पीडी (DRDA) सुधीर कुमार, एडीएम (PGRO) धीरेंद्र, जीएम डीआईसी खुशबू, प्रोजेक्ट मैनेजर बिजेंद्र सिंह, अखिलेश सिंह, राकेश कुमार, शहजाद, आईईओ श्याम प्रकाश, रौशन कुमार, अभिनंदन कुमार सहित भागलपुर के स्टार्टअप एवं SIPB यूनिट के कई उद्यमी उपस्थित रहे।

































