न्यूज स्कैन ब्यूरो, कटिहार
भारत सरकार के निर्देश पर बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना के तत्वाधान में जिला एड्स बचाव एवं नियंत्रण इकाई, कटिहार के द्वारा कटिहार बीएमपी 7 के मैदान पर बुधवार (27 अगस्त 2025) को जिला स्तरीय रेड रन मैराथन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जिले के हर महाविद्यालयों से पांच छात्र व पांच छात्रा ने भाग लिया। इस मैराथन में कुल 70 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं के मैराथन में महिला काॅलेज की लक्ष्मी कुमारी ने प्रथम स्थान, महिला काॅलेज की ही मोनी कुमारी ने दूसरा स्थान व तीसरे स्थान पर केबी झा काॅलेज की हीना कुमारी रही।
वहीं छात्रों के मैराथन में केबी झा काॅलेज के सूरज कुमार साह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, दूसरे स्थान पर डीएस काॅलेज के कुणाल कुमार व तीसरे स्थान पर गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कटिहार के मनीष कुमार रहे। कार्यक्रम में एचआईवी-एड्स व स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान डीपीएम (डेप्कू) शौनिक प्रकाश ने बताया कि 2 सितंबर 2025 को राज्य स्तरीय रेड रन मैराथन कार्यक्रम का आयोजन पटना में किया जाएगा। जिसमें कटिहार रेड रन मैराथन के सभी विजेता छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। मैराथन का संचालन बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना के प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर अरूण कुमार ने किया। मौके पर ब्लड सेन्टर, सदर अस्पताल कटिहार के डॉ बैद्यनाथ, डीआईएस डॉ मिथिलेश ठाकुर, डेप्कू के एकाउंट ऑफिसर प्रभाकर लाल दास, नेहरू युवा केन्द्र के विक्रम कुमार व विभिन्न काॅलेजों के एनसीसी-एनएसएस प्रभारी मौजूद थे।



























