डीईओ ने बसहा डायट में पिपरा प्रखंड के एचएम के साथ की बैठक: टैब से सभी छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बनाने का दिया निर्देश

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

जिला शिक्षा पदाधिकारी संग्राम सिंह ने शनिवार को बसहा डायट में पिपरा प्रखंड के एचएम के साथ बैठक की। बैठक में पिपरा प्रखंड के प्राथमिक, मध्य और उच्च माध्यमिक स्कूल के एचएम उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए डीईओ संग्राम सिंह ने पठन-पाठन सहित अन्य विद्यालय गतिविधियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि समय पर विभागीय आदेश का पालन करना जरूरी है। सभी छात्र-छात्राओं का टैब से उपस्थिति दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने डीसी बिल का उपयोगिता प्रमाण पत्र 15 फरवरी तक बीआरसी पिपरा में जमा करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी शिक्षकों का लंबित वेतन मामला का त्वरित निष्पादन और डीबीटी डाटा को सुधार करने का निर्देश दिया।

वर्ग कक्ष में मोबाइल का उपयोग करने पर शिक्षकों पर होगी कार्रवाई :

डीईओ संग्राम सिंह ने कहा कि वर्ग कक्ष में शिक्षक मोबाइल का उपयोग नहीं करेंगे। इससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ता है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट आदेश दिया है कि वर्ग कक्ष में शिक्षक मोबाइल का उपयोग नहीं करेंगे। इसके बावजूद शिकायत मिल रही है कि शिक्षक पढ़ाने के बजाय मोबाइल देखते हैं। उन्होंने एचएम को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि कोई भी शिक्षक वर्ग में मोबाइल नहीं देखे। उन्होंने कहा कि वर्ग में पढ़ाने के बजाय मोबाइल देखने वाले शिक्षकों पर विभागीय नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्कूल पोशाक व ड्रेस में स्कूल आएं छात्र-छात्राएं :

डीईओ ने बैठक में एचएम को पोशाक व ड्रेस में छात्र-छात्राओं को स्कूल आने के लिए प्रेरित करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि स्कूल निरीक्षण में अक्सर अधिकतर छात्र-छात्राएं पोशाक व ड्रेस में नहीं आते हैं। इसके लिए सभी एचएम अभिभावक मीटिंग बुलाकर छात्र-छात्राओं को ड्रेस में आने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने छात्र-छात्राओं के परिभ्रमण, गुणवत्तापूर्ण तरीके से पठन-पाठन का संचालन करने का निर्देश दिया। पठन-पाठन के कार्य शैली में सुधार लाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि जो बच्चे हिंदी और अंग्रेजी किताब में लिखे विषय को सही तरीके से नहीं पढ़ पा रहे हैं, वैसे बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्हें इस काबिल बनाया जाए कि हिंदी और अंग्रेजी किताब में लिखे विषयों को धारा प्रवाह पढ़ सकें। बैठक में अनुपस्थित एचएम से स्पष्टीकरण करने का निर्देश प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पिपरा को दिया गया। बैठक में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पिपरा संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।