जिला कांग्रेस ने मनरेगा का नाम बदलने के खिलाफ समाहरणालय गेट पर किया विरोध प्रदर्शन

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर बुधवार को जिला कांग्रेस पार्टी द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष सूर्यनारायण मेहता ने की। विरोध प्रदर्शन भाजपा सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार गारंटी अधिनियम मनरेगा को कमजोर करने, इसे समाप्त करने की दिशा में कदम उठाने तथा महात्मा गांधी के नाम और उनकी विरासत पर कथित हमले के खिलाफ आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और मनरेगा को बचाने की मांग की। जिलाध्यक्ष सूर्यनारायण मेहता ने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और किसानों के लिए जीवन रेखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार द्वारा लाया जा रहा नया विधेयक मनरेगा की मूल भावना के खिलाफ है। इससे रोजगार की गारंटी खत्म होगी और गरीबों के संवैधानिक अधिकारों पर सीधा प्रहार होगा।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के नाम पर राजनीति करने वाली सरकार वास्तव में गांधीवादी मूल्यों रोजगार, आत्मनिर्भरता और सामाजिक न्याय को खत्म कर रही है।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रो. विमल कुमार यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की ऐतिहासिक भूमिका हमेशा मजदूरों, किसानों, गरीबों, वंचितों और कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा करने की रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा कांग्रेस की देन है, जिसने ग्रामीण भारत को आर्थिक सुरक्षा दी। आज जब भाजपा सरकार इसे समाप्त करने पर तुली है, तब कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी।
प्रदर्शन में जयप्रकाश चौधरी, डॉ रमेश प्रसाद यादव, सुभाष सिंह, जगदीश विश्वास, जगदीश गुप्ता, महेश पांडे, सगीर आलम, अनीश अख्तर, संजीव यादव आदि मौजूद थे।