न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
आसन्न बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर सुपौल जिले में प्रशासनिक स्तर पर तैयारी तेज हो गई है। जिला के सभी पांच विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के 1880 मतदान केंद्रों पर आश्वस्त न्यूनतम सुविधा (Assured Minimum Facility – AMF) जैसे — पेयजल, शौचालय, रैम्प, विद्युत आदि की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
सहायक निर्वाची पदाधिकारी एवं निर्वाची पदाधिकारी द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन में कुछ मतदान केंद्रों पर अभी भी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध नहीं पाई गईं। इस पर जिला निर्वाचन शाखा के पत्रांक-1164/निर्वा0 दिनांक 11.10.2025 के तहत जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को सभी मतदान केंद्रों का पुनः भौतिक सत्यापन कर प्रतिवेदन देने का निर्देश जारी किया गया था।
निर्देश के आलोक में रविवार को जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने सभी 1880 मतदान केंद्रों का स्थल निरीक्षण किया। इसी क्रम में जिलाधिकारी सुपौल ने स्वयं 42-पिपरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 309, 310, 311, 312 एवं 313 का निरीक्षण किया और निर्वाची पदाधिकारी तथा सहायक निर्वाची पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मतदान केंद्रों पर एएमएफ सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण
































