न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
सदर प्रखंड के ग्राम पंचायत बरूआरी पश्चिम स्थित मां दुर्गा, दस महाविद्या, नवग्रह एवं कृष्ण मंदिर परिसर में आयोजित शतचंडी महायज्ञ को लेकर श्रद्धालुओं के बीच गहरी श्रद्धा के साथ उत्साह और उमंग का वातावरण बना हुआ है। यह महायज्ञ 19 जनवरी से 27 जनवरी तक आयोजित किया जा रहा है।
महायज्ञ के तहत प्रतिदिन सुबह 7बजे से शतचंडी यज्ञ का हवन एवं आहुति दी जा रही है। यज्ञ का संचालन आचार्य कृष्णानंद शास्त्री पौराणिक महाराज के निर्देशन में किया जा रहा है। हवन कार्यक्रम को उपाचार्य पवन पांडेय एवं ब्रह्मा शास्त्री हिमांशु त्रिपाठी द्वारा शास्त्रीय विधि-विधान से संपन्न कराया जा रहा है।
यज्ञ मंडप में मुख्य यजमान सहित अनेक यजमान नियमबद्ध होकर सुबह से दोपहर तक पूर्ण आहुति के साथ पूजार्चना कर रहे हैं। महायज्ञ के प्रथम दिन सोमवार को सुबह 6 बजे से वेद पारायण का शुभारंभ किया गया। इसके उपरांत पंचांग पूजन, नांदी श्राद्ध एवं ब्राह्मण वरण की विधि संपन्न हुई।इसके बाद यजमानों एवं विद्वान पंडितों के साथ मंडप प्रवेश कराया गया। मंडप प्रवेश से पूर्व यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर सभी वेदियों में देवताओं का आवाहन किया गया। इस दौरान स्तंभ पूजन, दस दिक्पाल पूजन, सभी द्वारों के द्वारपाल पूजन, महाध्वज पूजन, अरणी मंथन द्वारा अग्नि का आवाहन, सभी कुंडों का पूजन तथा आवाहित देवताओं का हवन शास्त्रीय विधि से कराया गया। तत्पश्चात मध्य वेदी में सभी देवताओं का विशेष पूजन एवं हवन संपन्न हुआ।आयोजन समिति की ओर से बताया गया कि प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 1 बजे तक यज्ञ मंडप में पूर्ण आहुति एवं श्रीमद् देवी पाठ का आयोजन होगा, जबकि दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक प्रवचन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।महायज्ञ के सफल आयोजन में समिति के संरक्षक शेखर प्रसाद सिंह, अध्यक्ष सुनील कुमार यादव, सचिव रमेश कुमार सिंह सहित नारायण प्रसाद सिंह, नीरज कुमार सिंह, आनंद अप्पू, नवीन कुमार झा, नीरज कुमार झा, अरविंद कुमार झा, आनंद कुमार सिंह, कल्याण कुमार सिंह, राजेश कुमार सिंह, शंकर दत्त, उमेश चौधरी, बच्चा बाबू एवं अन्य ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग मिल रहा है।
शतचंडी महायज्ञ के चलते पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु यज्ञ मंडप पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।

































