शक्ति की आराध्य देवी दुर्गा को दी गयी नम आंखों से विदाई

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

जिले में शांतिपूर्ण ढंग से शारदीय नवरात्र दुर्गा पूजा धूमधाम से मनाया गया। शक्ति की आराध्य देवी मां दुर्गा की पूजा अर्चना का दस दिवसीय आयोजन गुरूवार को विजयादशमी के साथ ही शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। इससे पूर्व अष्टमी व महानवमी के दिन मंगलवार व बुधवार को माता के भक्तों द्वारा मां दुर्गा की पूजा धूमधाम से की गई. वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा महौल भक्तिमय हो गया था। कई दुर्गा मंदिरों में छाग बलि भी दिया गया ।अधिकांश पूजा स्थल के समीप मेले का भी आयोजन किया गया था। देर रात तक पूजा स्थलों पर चहल-पहल बनी रही। जहां कई तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया था। वहीं गांधी मैदान स्थित तालाब के समीप महाआरती का आयोजन किया गया। जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रशासन ने पंडालों में सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध किया था।
दशमी की सुबह पूजा स्थलों पर अपराजिता की पूजा की गयी। जैयंती काट कर भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया गया।

रावण वध में उमड़ी भारी भीड़

विजयादशमी के मौके पर दुर्गा पूजा समितियों द्वारा गांधी मैदान में रावण वध का कार्यक्रम आयोजित किया गया। 40 फीट उंचे रावण और मेघनाद का वध किया गया। मौके पर हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे। इससे पूर्व आयोजन समिति द्वारा गांधी मैदान से विशाल विजय जुलूस निकाला गया. जिसमें राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान एवं अन्य देवी-देवताओं की झांकी भी शामिल थी. गांधी मैदान में रावण वध कार्यक्रम के बाद मुख्य मंच पर भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक कार्यक्रम का आयोजन हुआ. डीएम सावन कुमार ने श्री राम को माला पहना कर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि विजयादशमी असत्य पर सत्य की विजय का पर्व है। उन्होंने सफल कार्यक्रम के लिए आयोजन समिति सहित आमलोगों का भी धन्यवाद किया। एसपी शरथ आरएस ने कहा कि यह असत्य पर सत्य की विजय का पर्व है मालूम हो कि पिछले 43 वर्षों से गांधी मैदान में रावण का दहन किया जाता है।


सांप्रदायिक सौहार्द की पेश हुई मिशाल

विजयादशमी के मौके पर निकले विजय जुलूस का आम शहरवासियों द्वारा अभिनंदन किया गया। वहीं अल्पसंख्यक समुदाय के लोग जुलूस में शामिल लोगों का गर्मजोशी से स्वागत कर अद्भुत सामाजिक एवं सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश की। शहर के हुसैन चौक, महावीर चौक आदि जगहों पर पेयजल, शर्बत, मिनरल वाटर आदि की व्यवस्था की गई थी. जबकि सुरक्षा को लेकर शहर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किये गये थे।
शहर की सभी सड़कों पर देर शाम तक लगा रहा जाम
गांधी मैदान में रावण वध संपन्न होने के बाद गांधी मैदान से लोग अपने-अपने घर लौटने के लिए तेजी से निकलने लगे. इस दौरान मैदान के चारों गेट पर घंटों लोगों की भीड़ लगी रही. मैदान से निकलने के बाद शहर की सभी सड़कों पर लोगों का जाम लगा रहा।

नम आंखों से दी गयी माता को विदाई

दशहरा पर्व संपन्न होने के साथ ही प्रतिमा विसर्जन का दौर प्रारंभ हो गया। जिला मुख्यालय में रविवार की संध्या रेलवे माल गोदाम स्थित मां दुर्गा की प्रतिमा का धूमधाम से विसर्जन किया गया।

सिंदूर खेला का आयोजन
सार्वजनिक पूजा स्थल गांधी मैदान में अष्टमी व नवमी के दिन बुधवार को डांडिया का आयोजन किया गया. मणिभूषण सिंह ने बताया कि मंदिर परिसर में डांडिया का आयोजन किया गया. वहीं विजयादशमी के दिन रावणवध के बाद सिंदूर खेला का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भाग ली।