दिल्ली में सीएम से मिले इंटक के प्रदेश सचिव, गुरुजी का जाना हाल

देवघर। झारखंड प्रदेश इंटक के प्रदेश सचिव अजय कुमार ने बुधवार को दिल्ली स्थित न्यू झारखंड भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर दिशोम गुरू शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनका कुशलक्षेम पूछा। इस दौरान अजय कुमार ने मुख्यमंत्री से मिलकर कहा कि जल्द ही गुरुजी स्वस्थ होंगे और उनका मार्ग दर्शन झारखंड को मिलेगा। अलग झारखंड राज्य के निर्माण में गुरुजी का सबसे बड़ा योगदान है। उन्होंने आंदोलन के जरिए अलग राज्य इसलिए लिया, क्योंकि यहां के आदिवासी, पिछड़े, दलितों को उनका हक मिल सके। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य का द्रुतगति से विकास हो रहा है। देवघर में श्रावणी मेले की व्यवस्था इस बार अन्य सालों की तुलना काफी अच्छी है। दिल्ली में रहने के बाद भी मुख्यमंत्री देवघर श्रावणी मेले की हमेशा जानकारी लेते रहते हैं। स्वयं मुख्यमंत्री ने मेले को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की थी। वहीं तीन बार पर्यटन मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री देवघर आकर बैठक कर चुके हैं, ताकि मेले में आने वाले भक्तों देवघर से अच्छी अनुभूति लेकर जाएं।