अनुकंपा नियुक्ति में देरी से आश्रित बेहाल, 45 दिनों से लगा रहे डीईओ कार्यालय का चक्कर

संवाददाता, भागलपुर – रविंद्र कुमार शर्मा

भागलपुर के जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के सामने अनुकंपा नियुक्ति को लेकर आश्रितों ने जोरदार हंगामा किया। अनुकंपा के तहत नियुक्ति पाने के लिए आश्रित पिछले कई दिनों से कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी फाइलों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

आश्रितों का कहना है कि उन्हें हर बार एक टेबल से दूसरी टेबल भटकाया जाता है, लेकिन उनके आवेदन पर कोई नतीजा नहीं निकलता। बुधवार को जब उन्हें कार्यालय बुलाया गया, तो कोई अधिकारी उपस्थित नहीं था, जिससे आश्रितों में नाराज़गी और बढ़ गई।

आश्रितों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के कारण वे लगातार मानसिक और आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। कई लोग अपने परिवार का भरण-पोषण करने में असमर्थ हो रहे हैं।

आश्रितों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से अपील की है कि उनकी फाइलों का तुरंत निष्पादन किया जाए और उन्हें अनुकंपा के तहत नियुक्ति प्रदान की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।