न्यूज स्कैन ब्यूरो,अररिया
नेपाल के जेलों में कैदी के गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर झड़प की स्थिति बनी रहती है।नेपाल के विराटनगर,झुमका,नख़्हू जेल के बाद कैलाली जेल में शनिवार को दो गुटों में झड़प हुई और उसके बाद जेल को एक गुट ने अपने नियंत्रण में ले लिया।जेल की सुरक्षा में लगे प्रशासकीय अधिकारी और बलों को जेल के बाहर खदेड़ दिया गया है।
शुक्रवार से कैलाली जिला कारागार में भड़की हिंसा के बाद शनिवार को जेल के कैदी के प्रमुख बनने की वर्चस्व की लड़ाई में हुई झड़प में एक कैदी की मौत हो गई।इस झड़प में 47 बंदी घायल हो गए।जिसमें तीन बंदियों की स्थिति काफी गंभीर है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना में मौत के शिकार हुए कैदी धनगढी वार्ड संख्या 4 के भरत चौधरी है।जिला पुलिस कार्यालय कैलाली के पुलिस प्रवक्ता के द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात 11 बजे के समय में झड़प हुई थी। झड़प के क्रम में गभीर रुप से घायल चौधरी को इलाज के लिए सेती प्रादेशिक अस्पताल पहुँचाया गया था,जहां उनकी मौत हो गई।मृतक 40 वर्षीय भरत चौधरी ड्रग्स कारोबार के मामले में जेल में सजा काट रहा था। शव अस्पताल के शवगृह में रखा हुआ है।
जिला पुलिस कार्यालय कैलाली के अनुसार,घटना में घायल सभी को सेती प्रादेशिक अस्पताल में इलाज चल रहा है।तो घटना के बाद शनिवार को जेल पहुंचे नेपाली सेना, नेपाल गुप्तचर विभाग के उपनिदेशक, नेपाल पुलिस अधीक्षक ,नेपाल शस्त्र पुलिस बल के एसपी को कैदी ने जेल के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया। शनिवार शाम तक जेल पूरी तरह से कैदी के नियंत्रण में होने की बात कही गई। जेल और अस्पताल के आसपास मीडिया व स्थानीय नागरिकों को जाने पर रोक दिया गया है।मानवाधिकार आयोग की टीम जांच के लिए कैम्प कर रही है।
नेपाल के जेल में शुरू से ही वर्चस्व की लड़ाई होती रही है।नेपाल के जेल में कैदी प्रमुख बनने की रीत है और प्रमुख बनने के लिए मुख्य रूप से हरबार झड़प जैसी घटनाएं होती है।प्रमुख बनने के बाद जेल के संचालन और नियंत्रण की जिम्मेवारी प्रमुख के ऊपर होती है।नेपाल के जेलों में न केवल नेपाली कैदी बल्कि बड़ी संख्या में भारतीय और दूसरे देशों के भी कैदी हैं।जिसको लेकर सुरक्षा का संकट हमेशा बना रहता है।नेपाल के जेलों से अपराध और अपराधी गिरोह के संचालन के मामले हमेशा सुर्खियों में रहे हैं।जेल से कई भारतीय उद्योगपति के अपहरण से लेकर हत्या तक की साजिश रची जा चुकी है।कई अंडरवर्ल्ड से जुड़े भारत के माफिया नेपाल के जेल में कैद है। ताजा घटना से नेपाल की जेल की सुरक्षा पर शनिवार को मानवाधिकार आयोग ने भी चिंता जताया है।
नेपाल के कैलाली जेल में कैदी के दो गुट में झड़प,जेल कैदी के नियंत्रण में
