भागलपुर में दिनदहाड़े जानलेवा हमला: बार एसोसिएशन के सदस्य और पूर्व भाजपा मंडल महामंत्री बबलू यादव घायल

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

बिहार विधानसभा चुनाव के बीच शहर से बड़ी खबर सामने आई है। बरारी थाना क्षेत्र के टीएनबी लॉ कॉलेज गली में शुक्रवार की सुबह बार एसोसिएशन के सदस्य और भाजपा के पूर्व मंडल महामंत्री विवेकानंद प्रसाद उर्फ बबलू यादव पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला हुआ।
जानकारी के अनुसार, बबलू यादव सुबह अपने घर की छत पर टहल रहे थे, तभी सुर्खिकल निवासी सूरज तांती अपने साथियों के साथ हथियार लेकर वहां पहुंचे। किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और एक अपराधी ने बबलू यादव को थप्पड़ मारने के बाद गोली चला दी। घटना में बबलू यादव किसी तरह दरवाजे में छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे पुराना विवाद हो सकता है। कुछ दिन पहले पास के फल दुकानदार देवानंद और सूरज तांती के बीच झगड़ा हुआ था। बबलू यादव ने उस मामले की सूचना पुलिस को दी थी, जिसके बाद पुलिस ने देवानंद को गिरफ्तार किया था। माना जा रहा है कि शुक्रवार का हमला इसी का बदला लेने के लिए किया गया।
घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है। पुलिस ने वीडियो फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
बरारी थाना पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।