कैमूर में नहर से युवक का शव बरामद, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप, पांच नामजद पर प्राथमिकी

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर

जिले के भभुआ थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब सिवों गांव के पूरब ददरा–भभुआ सड़क के समीप स्थित नहर में एक युवक का शव तैरता हुआ पाया गया। नहर में शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
मृतक की पहचान सिवों गांव निवासी सरोज तिवारी उर्फ नचकु तिवारी के 26 वर्षीय पुत्र सुधाकर तिवारी के रूप में की गई है। परिजनों का कहना है कि सुधाकर शुक्रवार की शाम करीब सात बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह थोड़ी देर में लौट आएगा, लेकिन पूरी रात घर नहीं लौटा। शनिवार सुबह करीब दस बजे गांव के पूरब नहर में युवक का शव मिलने की सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
सूचना मिलते ही भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने नहर से शव को बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर भभुआ बीडीओ सतीश कुमार भी सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये का चेक सौंपा।
इधर, मृतक के पिता सरोज तिवारी उर्फ नचकु तिवारी ने बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए गांव के ही पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज एफआईआर में उन्होंने बताया कि जब उन्होंने नहर में पड़े शव की पहचान की तो सुधाकर के सिर में गंभीर चोट के निशान थे, नाक से खून निकल रहा था और होंठ भी कटे हुए थे। इससे उन्हें आशंका है कि उनके बेटे की हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया गया।
पिता ने गांव निवासी अवध सिंह के पुत्र प्रद्युम्न सिंह उर्फ अंकित पटेल, सुभाष सिंह (पिता स्व. शोभनाथ सिंह), लव पटेल (पिता अमर सिंह), तेजपति सिंह (पिता रामसूरत सिंह) और दीपक पटेल (पिता सुभाष सिंह) को हत्या का आरोपी बनाया है। उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर को उक्त लोग उनके घर आए थे और दरवाजा नहीं खोलने पर तोड़फोड़ की थी तथा जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस संबंध में उस समय भी भभुआ थाने में आवेदन दिया गया था। पुराने विवाद और रंजिश के कारण ही उनके बेटे की हत्या किए जाने का आरोप उन्होंने लगाया है।
भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि नहर से युवक का शव मिलने के मामले में पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। मृतक के पिता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच में जुटी हुई।