न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
उप विकास आयुक्त (डीडीसी) ने मंगलवार को सबौर प्रखंड का भ्रमण कर प्रखंड कार्यालय में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध निष्पादन एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, आईसीडीएस, कृषि, ग्रामीण विकास सहित अन्य विभागों के कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। डीडीसी ने संबंधित पदाधिकारियों से योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की तथा लंबित मामलों के कारणों की जानकारी लेते हुए शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर और प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं, नियमित टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, पोषण अभियान एवं दवाओं की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा हुई। वहीं शिक्षा विभाग के अंतर्गत विद्यालयों में नामांकन, छात्र उपस्थिति, शिक्षण गुणवत्ता, मध्याह्न भोजन योजना तथा विद्यालयों की आधारभूत संरचना की स्थिति की समीक्षा की गई। आईसीडीएस के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन एवं पोषण सेवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
कृषि विभाग की समीक्षा में फसल उत्पादन, बीज एवं उर्वरक वितरण, किसानों के लिए संचालित योजनाओं तथा कृषि संबंधी कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली गई। ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता अभियान एवं अन्य विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए डीडीसी ने कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। डीडीसी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, जिसे सभी अधिकारियों को गंभीरता से सुनिश्चित करना होगा।
डीडीसी ने सबौर प्रखंड का किया निरीक्षण, विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा



























