मुरली पंचायत के सरपंच के पुत्र की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

  • अपराधियों ने 42 वर्षीय व्यक्ति की माथे में मारी गोली मौत, एसपी और एसडीपीओ ने घटनास्थल पर पहुंच कर लिया जायजा , पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

न्यूज स्कैन सुपौल

जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र के लालगंज बाजार में शनिवार को अपराधियों ने मुरली पंचायत के पूर्व सरपंच शनिचर यादव और सरपंच बिंदा देवी के 42 वर्षीय पुत्र श्रीराम यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि श्रीराम यादव अपने पत्नी नीलम देवी के साथ बाइक पर सवार होकर कोरियापट्टी गांव अपने ससुराल राखी बंधवाने को लेकर जा रहा था। उच्च माध्यमिक विद्यालय लालगंज के पास एक चार चक्के पर सवार चार-पांच की संख्या में अपराधियों ने श्रीराम यादव के बाइक को रोककर 2 से 3 राउंड गोली चलाई। जिसमें श्रीराम यादव को गोली उसके सिर में लगी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सहयोग से घायल श्रीराम यादव को रेफरल अस्पताल सिमराही में भर्ती कराया गया। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सुपौल में एक निजी अस्पताल में घायल श्रीराम यादव का इलाज किया गया। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने न्यूरो हॉस्पिटल विराटनगर नेपाल रेफर कर दिया। नेपाल जाने के क्रम में रास्ते में सिमराही पास श्रीराम यादव की मौत हो गई। घटना को लेकर एसपी सरथ आर एस,एसडीपीओ शिवेंद्र कुमार अनुभवी,भपटियाही थाना अध्यक्ष संजय दास ने अपने पुलिस बल के साथ लालगंज पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने लालगंज चौक बाजार के आस पास लगे हुए सीसीटीवी फुटेज का जांचकर अपराधियों की पहचान की जा रही है। मृतक के भाई जयराम यादव ने बताया कि मुरली पंचायत के वार्ड 5 निवासी मनीष कुमार अन्य साथियों के साथ घटना को अंजाम दिया है। लालगंज बाजार के कुछ ग्रामीणों का कहना है कि घटना से पहले मृतक श्रीराम यादव और मनीष कुमार के बीच कहां सुनी और गाली गलौज हुआ था। इसके बाद यह घटना घटी है। डीएसपी शिवेंद्र कुमार अनुभवी ने बताया कि घटना में शामिल अपराधियों की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान की जा रही है। वहीं मृतक श्रीराम यादव के लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

डीएसपी ने बताया कि हत्याकांड में शामिल अपराधी को गिरफ्तार किया जाएगा। थाना अध्यक्ष संजय दास ने बताया कि घटना को लेकर मृतक के परिजनों द्वारा फिलहाल आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर सुरक्षा की दृष्टि कौन से लालगंज बाजार और मृतक श्री राम यादव के घर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इधर घटना को लेकर मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक श्रीराम यादव को दो पुत्र और एक पुत्री है। जिसमें अभिनंदन कुमार 14 वर्ष दिलखुश कुमार 12 वर्ष और पुत्री आरती कुमारी 17 वर्ष शामिल है। घटना को लेकर मृतक के पत्नी नीलम देवी, माता बिंदा देवी, पिता शनिचर यादव, भाई जयराम यादव, सुरेंद्र यादव, गंगाराम यादव, भूपेंद्र यादव, सियाराम यादव सहित अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल बना हुआ है।