बबरगंज में दिनदहाड़े हड़कंप! बंद घर से उड़ा दिए 16 लाख के सोने-चांदी के जेवर और 80 हजार रुपए


न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र के मानिकपुर मोहल्ले में चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित शंकर प्रसाद के घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकद 80 हजार रुपए चोरी हो गए।
शंकर प्रसाद ने बताया कि सुबह वह ट्रांसपोर्ट का काम करने ऑफिस गए थे और उनकी पत्नी डॉक्टर के पास स्वास्थ्य जांच के लिए गई थी। शाम तीन बजे जब वह अपने बच्चे को स्कूल से लेकर घर पहुंचे, तो देखा कि दरवाजा बंद है, लेकिन पीछे से प्रवेश करने पर पता चला कि दो अलमीरों में रखा सारा कीमती सामान गायब है। चोरी गए सामान में पुत्र बधु के सोने-चांदी के जेवर, चांदी के सिक्के, सोने के लॉकेट और अन्य कीमती सामान शामिल हैं।
पीड़ित ने बताया कि घटना दोपहर 12 बजे से डेढ़ बजे के बीच हुई। उन्होंने बबरगंज थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शंकर प्रसाद ने मोहल्ले की नशेड़ी और संदिग्ध चोरों की सक्रियता को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि इस इलाके में दिन-रात स्मैक और गांजा का सेवन करने वाले लोग जमा रहते हैं, और संभव है कि यही लोग इस चोरी की घटना को अंजाम देने में शामिल हों।

सिटी डीएसपी टू, राकेश कुमार ने कहा कि पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर चुकी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही चोरों को पकड़कर कार्रवाई की जाएगी। मानिकपुर मोहल्ले में दिनदहाड़े चोरी ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।