न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) का शताब्दी समारोह शुक्रवार को नागेश्वर भवन, भीखनपुर में धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह की शुरुआत भीखनपुर मोहल्ले तक निकाले गए जुलूस से हुई, जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जुलूस के बाद पार्टी का झंडोत्तोलन किया गया।
झंडोत्तोलन पार्टी के पूर्व जिला सचिव डॉ. सुधीर शर्मा द्वारा किया गया। इसके बाद सभी कामरेडों ने शहीद बेदी पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। समारोह का औपचारिक उद्घाटन भी डॉ. सुधीर शर्मा ने किया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का 100 वर्षों का इतिहास गौरवशाली और संघर्षों से भरा रहा है। भाकपा की स्थापना वर्ष 1925 में कानपुर में हुई थी। देश की आजादी की लड़ाई में कम्युनिस्ट पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अहम भूमिका निभाई और अनेक साथियों ने अपनी शहादत दी। पार्टी का मूल उद्देश्य शोषणमुक्त समाज की स्थापना रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि आज़ादी के बाद भी शोषण के खिलाफ कम्युनिस्टों का संघर्ष जारी रहा, जिसमें कई कार्यकर्ताओं ने अपने प्राणों की आहुति दी। वर्तमान राजनीतिक हालात पर चिंता जताते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज देश की सत्ता पर दक्षिणपंथी, कॉरपोरेट समर्थित और फासीवादी ताकतों का कब्जा है। कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने के लिए देश में नफरत और विभाजन का माहौल बनाया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सांप्रदायिक और कॉरपोरेट गठजोड़ के कारण महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार में लगातार वृद्धि हो रही है। संविधान, लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की साजिशें की जा रही हैं। मनरेगा को समाप्त करने, चार लेबर कोड लागू करने, किसानों के विरोध के बावजूद काले कानून लाने और भूमि अधिग्रहण कानून के दुरुपयोग जैसे मुद्दों को वक्ताओं ने जनविरोधी करार दिया।
हालांकि वक्ताओं ने यह भी कहा कि इन नीतियों के खिलाफ जनवादी आंदोलन तेज हो रहा है और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी अपने शताब्दी वर्ष में जनविरोधी नीतियों, सांप्रदायिकता और कॉरपोरेटपरस्त नीतियों के खिलाफ संघर्ष को और तेज करने का संकल्प लेती है।
समारोह को जिला सचिव कामरेड देव कुमार यादव, कामरेड ब्रह्मदेव सिंह यादव, कामरेड मनोहर शर्मा, कामरेड अनीता शर्मा, भाकपा माले के मुकेश मुक्त और विष्णु देव मंडल, तथा सीपीएम के कामरेड उपेंद्र यादव ने संबोधित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कामरेड उदयकांत झा ने की। इस अवसर पर कामरेड अशोक यादव, भोला यादव, कमलेश्वरी मंडल, परमानंद मंडल, चंद्रशेखर मंडल, पटवारी यादव, हिमांशु कुमार, सचिन कुमार, गोपाल राय, रूपेश राज, आदित्य राज, अवधेश राय, दीप नारायण भगत, गणेश सिंह और चमन लाल राम सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

































