मनरेगा बचाओ अभियान: रांची में कांग्रेस की रैली, केंद्र सरकार पर योजना को कमजोर करने का आरोप

न्यूज स्कैन ब्यूरो, रांची
मनरेगा जैसी देश की सबसे बड़ी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर करने के केंद्र सरकार के प्रयासों के खिलाफ रविवार को झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित “मनरेगा बचाओ अभियान” रैली में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रदर्शन किया। रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, ग्रामीण मजदूर और आम नागरिक शामिल हुए।
इस रैली में झारखंड प्रभारी के. राजू के साथ बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा की विशेष सहभागिता रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा को गरीबों, मजदूरों और ग्रामीण परिवारों की जीवनरेखा बताया।
रैली को संबोधित करते हुए के. राजू, केसव महतो, दीपिका पांडे, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के बजट में लगातार कटौती, समय पर मजदूरी भुगतान में देरी और काम के अवसरों में कमी सीधे तौर पर गरीबों के संवैधानिक अधिकारों पर हमला है। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी नीति का हर स्तर पर विरोध करती रहेगी।
बिहार प्रदेश कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने ही मनरेगा जैसी ऐतिहासिक योजना को लागू किया और आज भी उसकी मजबूती, पारदर्शिता और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी सड़क से लेकर संसद तक मनरेगा की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रखेगी।
रैली के दौरान उपस्थित लोगों ने एक स्वर में मनरेगा को बचाने और इसके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मजदूरों की मौजूदगी ने रैली को व्यापक जनसमर्थन प्रदान किया।