न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर,
आयुक्त, भागलपुर प्रमंडल, हिमांशु कुमार राय ने मंगलवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में बनाए गए बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार और अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने शिविर में ठहरे बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी जरूरतों और सुविधाओं की जानकारी ली। लाभार्थियों ने बताया कि कैंप में रहने और खाने की समुचित व्यवस्था की गई है। पशुओं के लिए चारा और इलाज की सुविधा भी उपलब्ध है।
आयुक्त ने शिविर में चल रहे चिकित्सा कैंप का भी जायजा लिया और वहां मौजूद जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता की जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी आवश्यक दवाएं हर समय उपलब्ध रहें और एक एंबुलेंस की स्थायी व्यवस्था भी की जाए।
रसोई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उन्होंने रसोइयों से बातचीत की। एक रसोइये ने बताया कि 14 सदस्यीय टीम रोजाना सुबह और शाम, कुल लगभग 1000 लोगों के लिए भोजन तैयार कर रही है। भोजन में उसना चावल दिया जा रहा है और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार ने जानकारी दी कि बाढ़ पीड़ितों के सोने के लिए पर्याप्त चौकियां लगाई गई हैं और पिछले तीन दिनों से लगातार भोजन वितरण किया जा रहा है।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत शिविरों में रहने वाले किसी भी परिवार को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए और पशु चारा का वितरण भी नियमित रूप से किया जाए।
निरीक्षण के बाद आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने भागलपुर हवाई अड्डा पहुंचकर मुख्यमंत्री द्वारा होने वाली बाढ़ राहत कार्य की समीक्षा बैठक की तैयारियों का भी जायजा लिया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी अनिल कुमार राय, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।



























