मोजाहिदपुर से जरलाही रोड तक पीसीसी पथ व नाला निर्माण को आयुक्त की स्वीकृति

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत भागलपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या–40 में बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर बड़ी पहल की गई है। प्रमंडलीय आयुक्त, भागलपुर अवनीश कुमार सिंह ने मोजाहिदपुर उल्टा पुल से पाकिज़ा चौक होते हुए जरलाही रोड तक पीसीसी पथ एवं नाला निर्माण की योजना को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस योजना पर कुल 2 करोड़ 29 लाख 47 हजार 700 रुपये की लागत आएगी।
यह महत्वाकांक्षी योजना बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए स्वीकृत की गई है। योजना का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों का समग्र विकास करना तथा नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना है।
आयुक्त ने कार्यकारी एजेंसी के रूप में परियोजना निदेशक, बुडको (BUIDCO), भागलपुर को निर्देश दिया है कि योजना का क्रियान्वयन पूर्ण पारदर्शिता के साथ ई-टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना की मार्गदर्शिका के तहत जारी संकल्प संख्या-4945 (दिनांक 20 जुलाई 2024) एवं संकल्प संख्या-2862 (दिनांक 11 सितंबर 2024) में निहित सभी शर्तों का कड़ाई से अनुपालन करने का निर्देश दिया गया है।
इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद मोजाहिदपुर, पाकिज़ा चौक एवं जरलाही रोड क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होगी। साथ ही मॉनसून के दौरान जल जमाव की वर्षों पुरानी समस्या से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय नागरिकों ने इस योजना को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।