न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिले के भीमनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 11वीं कक्षा की छात्रा अपेक्षा सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात उस समय हुई जब अपेक्षा अपने घर के डायनिंग हॉल में बैठकर टीवी देख रही थी। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मृतका के चाचा सुमित सिंह ने भीमनगर थाना में घटना को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि घटना के समय वे बाथरूम में स्नान कर रहे थे, जबकि उनकी भतीजी अपेक्षा सिंह डायनिंग हॉल में टीवी देख रही थी। इसी दौरान उन्हें किसी चीज के गिरने की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखने पर उन्होंने पाया कि अपेक्षा फर्श पर गिरी हुई है और उसके शरीर से खून बह रहा है।
परिजन तत्काल उसे आनंद खनन स्थित अनुमंडलीय अस्पताल वीरपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
बुधवार सुबह परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. ठाकुर प्रसाद ने मृत्यु का कारण गोली लगना बताया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
































