भागलपुर में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार, पटना के दिशा-निर्देशों के आलोक में संचालित 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान–2025 के तहत आज चंपानगर, नाथनगर (सदर), भागलपुर में जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बाल विकास निगम, भागलपुर के तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं, किशोरियों एवं समुदाय के लोगों को बाल विवाह, लैंगिक हिंसा और दहेज प्रथा के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह निषेध अधिनियम सहित इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला गया, ताकि समाज में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
इस अवसर पर महिलाओं एवं किशोरियों को महिला हेल्पलाइन 181, जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW) से मिलने वाली सेवाओं तथा वन स्टॉप सेंटर द्वारा उपलब्ध सहायता—जैसे कानूनी परामर्श, पुलिस सहायता, चिकित्सा सुविधा, काउंसलिंग एवं अस्थायी आवास—के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को बाल विवाह मुक्त, हिंसा मुक्त एवं समानता आधारित समाज के निर्माण हेतु शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने समुदाय स्तर पर महिलाओं एवं किशोरियों के अधिकारों की सुरक्षा तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में बाल विकास निगम, भागलपुर के डीपीएम मणि शंकर, जेंडर स्पेशलिस्ट विवेक कुमार, फाइनेंशियल लिटरेसी एक्सपर्ट अभिषेक सुमन तथा लेखा सहायक पवन शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।