मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से महिलाओं में उत्साह,बांका में हुआ भव्य आयोजन

न्यूज स्कैन ब्यूरो, बांका

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की पहली किस्त आज महिलाओं के लिए उत्साह और आत्मनिर्भरता का नया अध्याय लेकर आई। इस योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संयुक्त रूप से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला को स्वरोजगार प्रारंभ करने के लिए पहली किस्त के रूप में ₹10,000 की राशि दी गई।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार की महिलाएं आज आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में बड़ी भूमिका निभा रही हैं। यह योजना उनके आत्मविश्वास को और मजबूत करेगी तथा परिवार और समाज दोनों की प्रगति में योगदान देगी। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्पष्ट किया कि लक्ष्य है—हर घर से एक महिला को रोजगार से जोड़ना। इससे महिलाएं आर्थिक रूप से सक्षम होंगी और पूरा परिवार लाभान्वित होगा।

इस अवसर पर चंद्रशेखर हॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम और सभी प्रखंडों में विशेष आयोजन हुआ। जीविका के 35 संकुल संघ और 1770 ग्राम संगठनों में लाखों जीविका दीदियों ने इसमें भाग लिया। जिले की लगभग 1,28,734 जीविका दीदियों को योजना की पहली किस्त के रूप में कुल ₹128 करोड़ 73 लाख 40 हजार की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई।

कार्यक्रम में कई महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि पहले आय का कोई स्थायी साधन नहीं था, लेकिन अब इस राशि से वे सब्जी उत्पादन, छोटे व्यापार और कृषि आधारित कार्यों में निवेश कर आत्मनिर्भर बनेंगी।

इस अवसर पर बेलहर विधायक मनोज यादव, कटोरिया विधायक डॉ. निक्की हेम्ब्रम, सांसद प्रतिनिधि, जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जीविका दीदियां उपस्थित थीं। सभी ने इस योजना को “आत्मनिर्भरता का पर्व” बताते हुए महिलाओं की सशक्त भागीदारी का स्वागत किया।