न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/ राघोपुर
राघोपुर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गनपतगंज से सिमराही की ओर जा रही तेज रफ्तार मुर्गा लदी पिकअप वैन अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज निर्माण कार्य के दौरान लगाए गए डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोगों ने धमाके जैसी आवाज सुनी और मौके पर अफरातफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार सोमवार सुबह करीब 7 बजे अचानक तेज आवाज सुनाई दी। लोग जब बाहर निकले तो देखा कि पिकअप वैन डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी है। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई बड़ा वाहन पीछे से नहीं आ रहा था, अन्यथा दुर्घटना और भी भयावह हो सकती थी।
इस हादसे में पिकअप वैन में सवार ड्राइवर और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। जख्मी ड्राइवर की पहचान नरपतगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गड़िया वार्ड संख्या-1 निवासी चांद, कमरान और दिलशाद के रूप में की गई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ओवरब्रिज निर्माण के कारण सड़क पर डिवाइडर और संकेतक ठीक से दिखाई नहीं दे रहे हैं। साथ ही सुबह के समय हल्का अंधेरा और तेज रफ्तार भी हादसे का कारण हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से निर्माण स्थल पर पर्याप्त संकेतक, बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
इस मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की गई है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निर्माण एजेंसी को सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए जाएंगे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
































