न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
बुधवार को पटना एम्स में बड़ी घटना हुई जब पूर्व सांसद आनंद मोहन के बेटे और शिवहर से राजद विधायक चेतन आनंद और उनकी पत्नी डॉ. आयुषी के साथ मारपीट की गई। जानकारी के मुताबिक, दोनों अपने समर्थकों के साथ पाटलिपुत्र शूटिंग एकेडमी के एक घायल लड़के का हाल जानने एम्स पहुंचे थे। इलाज में लापरवाही को लेकर पूछताछ के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि एम्स स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों से झड़प हो गई।
इलाज में लापरवाही से भड़कीं डॉ. आयुषी
डॉ. आयुषी ने बताया कि एकेडमी का एक लड़का अंकित एक सड़क हादसे में घायल हुआ था और उसके पैर में प्लास्टर के बावजूद खून बह रहा था। उन्होंने सवाल उठाया कि रेफर के आदेश के बावजूद एम्स में मरीज को क्यों रोका गया। मौके पर मौजूद विधायक चेतन आनंद जब मरीज की हालत का वीडियो बनाकर स्वास्थ्य मंत्री को फोन लगाने लगे, तभी वहां मौजूद डॉक्टर आदिल और स्टाफ भड़क गए। बहस बढ़ी और हाथापाई तक पहुंच गई। चेतन की पत्नी को भी चोटें आईं हैं। डॉ. आयुषी ने पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा है कि झगड़े के दौरान उनकी गाड़ी पर हमला किया गया और कुछ दूर तक पीछा भी किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया और महिला होने के बावजूद मारपीट की गई।



























