न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, कहलगांव
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कहलगांव के बंशीपुर की धरती खेल भावना से सराबोर हो उठी, जब 34वीं सर्वोदय चुनौती पदक फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 का फाइनल मुकाबला फुटबॉल क्लब देवरी महेशपुर और फुटबॉल क्लब चांयटोला कैथपुरा के बीच खेला गया। दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में रोमांच अपने चरम पर रहा।
मुकाबले का पहला हाफ दोनों टीमों के शानदार बचाव और आक्रामक प्रयासों के बावजूद गोलरहित रहा। दोनों ओर से लगातार हमले हुए, लेकिन डिफेंस दीवार बनकर खड़ा रहा।
दूसरे हाफ में खेल का रुख बदला। 23वें मिनट में चांयटोला कैथपुरा के आयुष ने बेहतरीन गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 29वें मिनट में आनंद ने दूसरा गोल कर जीत लगभग सुनिश्चित कर दी। अंततः 2-0 से मुकाबला अपने नाम कर चांयटोला कैथपुरा ने ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
शानदार आयोजन और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति:
फाइनल मुकाबले का उद्घाटन पूर्व सांसद सह गोपालपुर विधायक शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, जिला परिषद सदस्य सोनी देवी, पूर्व जिला परिषद सदस्य अशोक कुमार आलोक, पूर्व प्रमुख रानी देवी सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल, अखिल भारतीय गंगोत्री महासभा की उपाध्यक्ष सह पूर्व बिहपुर विधानसभा प्रत्याशी सुश्री अर्पणा कुमारी, जिला परिषद सदस्य सोनी देवी, जनार्दन आजाद, ममलखा के मुखिया अभिषेक अर्णव एवं पूर्व प्रमुख रानी देवी ने विजेताओं को सम्मानित किया।
पुरस्कारों की झड़ी:
मैन ऑफ द मैच: आयुष (चांयटोला कैथपुरा)
मैन ऑफ द सीरीज: आनंद (चांयटोला कैथपुरा)
बेस्ट गोलकीपर: अभिमन्यु (चांयटोला कैथपुरा)
प्रतियोगिता के निर्णायक दीपक कुमार, संजीव कुमार एवं भीम कुमार रहे। वहीं, कमेंट्री की जिम्मेदारी मनोज कुमार, उदय किशोर, सुधांशु कुमार और विभाष कुमार ने संभाली।
महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर आयोजित इस रोमांचक मुकाबले ने न केवल खेल प्रतिभा को मंच दिया, बल्कि क्षेत्र में खेल संस्कृति को भी नई ऊर्जा प्रदान की।

























