फेसबुक पर हथियार लहराने वाला युवक गिरफ्तार

न्यूज़ स्कैन रिपाेर्टर, चौथम, खगड़िया

चौथम पुलिस ने फेसबुक पर हथियार लहराते हुए वायरल वीडियो बनाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से अवैध हथियार भी बरामद हुआ है।

थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि एसआई राकेश कुमार, एसआई अनिल कुमार, एएसआई कुन्दन कुमार सहित पुलिस बल की टीम ने बीती रात छापेमारी कर आरोपी को उसके घर से दबोच लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान दीपक कुमार, पिता शंभू हज़ारी, निवासी तोफिर गढ़िया के रूप में हुई है।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

थाना अध्यक्ष ने बताया कि आरोपी ने हथियार लहराते हुए खुद का वीडियो बनाया था और उसे फेसबुक पर वायरल कर दिया था। इसी आधार पर पुलिस ने उसका नाम-पता पता कर गिरफ्तारी की।

पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, इसके बावजूद कुछ युवक बेखौफ होकर सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन कर रहे हैं और नाहक कानूनी शिकंजे में फँसते जा रहे हैं।