न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/ पिपरा
पिपरा प्रखंड क्षेत्र में सरकारी राशि गबन करने के मामले को लेकर निर्मली पैक्स अध्यक्ष, प्रबंधक और प्रबंधकारिणी सदस्यों के विरुद्ध मामला दर्ज होने का सनसनी खेज मामला सामने आया है। पिपरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पिपरा प्रखंड के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार ने पिपरा थाने में लिखित आवेदन देकर मामला दर्ज करवाया है।
थाना में दिए गए लिखित आवेदन में प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार ने कहा है कि
जिला सहकारिता पदाधिकारी-सह-सहायक निबंधक सहयोग समितियाँ कार्यालय सुपौल के पत्रांक-2605 दिनांक 6अक्टूबर .2025 के अनुपालन में कहना है कि निर्मली पैक्स द्वारा खरीफ विपणन मौसम वर्ष 2024-25 अन्तर्गत कुल 5522.8 क्वींटल धान अधिप्राप्ति किया गया था। जिसके विरूद्ध 3755.66 क्वीटल सी०एम०आर० की आपूर्ति राज्य खाद्य निगम, सुपौल को किया जाना था। लेकिन पैक्स द्वारा कुल 3158.43 क्वींटल सी०एम०आर० का ही आपूर्ति किया गया। इस प्रकार 597.23 क्वींटल सी०एम०आर० राज्य खाद्य निगम, सुपौल को आपूर्ति नहीं किया गया । जिसका समतुल्य धान 878.28 क्वींटल होता है। इस संबंध में समिति अध्यक्ष एवं प्रबंधक के द्वारा जिला सहकारिता पदाधिकारी को दिये गये पत्र में पैक्स के गोदाम में धान नहीं होने की पुष्टि की गई। जिससे प्रतीत होता है कि अवशेष 597.23 क्वींटल सी०एम०आर० के समानुपातिक धान 878.28 क्वींटल के क्रय में 2325 रू0 प्रति क्वींटल की दर से कुल 2042001.00 (बीस लाख बयालिस हजार एक) रू० मात्र की सरकारी राशि का गबन निर्मली पैक्स के अध्यक्ष सूरज कुमार सिंह , प्रबंधक प्रेम कुमार सिंह एवं प्रबंधकारिणी सदस्यों मीणा देवी, कपलेश्वर शाह के द्वारा कर ली गई है, प्रखंड साहकारिता प्रसार पदाधिकारी के इस लिखित आवेदन पर पिपरा थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस बाबत थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि आवेदन मिला है। केस 338/25 दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
































