न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिले से बड़ी खबर सामने आई है। भभुआ-मोहनियां पथ पर डीहरा मोड़ के पास पटना जा रही एक बस बाइक सवार को बचाने की कोशिश में पलट गई। इस हादसे में चार यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। अन्य यात्री बाल-बाल बचे।
जानकारी के अनुसार, चैनपुर के बीयूर मामा भांजा मजार से पटना लौट रहे यात्रियों की बस डीहरा मोड़ के पास सामने आ रही बाइक सवार को बचाने के प्रयास में पलट गई। भभुआ के पूर्व सभापति जैनेंद्र कुमार जॉनी ने बताया कि हादसे में कई लोग घायल हुए, लेकिन किसी की मृत्यु नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने यात्रियों की मदद की और तुरंत एम्बुलेंस को बुलाया। हालांकि, एम्बुलेंस को मौके पर पहुंचने में काफी समय लगा। घायल यात्रियों को भभुआ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी घायल यात्री पटना के रहने वाले हैं। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।