न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के गणपतगंज वार्ड 3 में गुरुवार देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने मौलाना अब्दुल हमीद के घर में घुसकर ट्रंक व बक्से का ताला तोड़ दिया और उसमें रखी नकदी व कीमती जेवरात चोरी कर फरार हो गए। घटना के समय गृहस्वामी मौलाना अब्दुल हमीद अपने ससुराल गए हुए थे, जबकि घर में उनकी पत्नी तुलसुम खातून अकेली मौजूद थीं। पीड़िता के अनुसार, गुरुवार रात करीब दो बजे उनकी नींद खुली। पानी लेने के दौरान घर के पीछे बाड़ी की ओर से आ रही संदिग्ध आवाजों ने उन्हें चौकन्ना कर दिया। जब वह पीछे गईं तो देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा है और तीन लोग आपस में बातचीत कर रहे हैं। महिला के शोर मचाने पर चोर मौके से फरार हो गए। इसके बाद देखा गया कि घर के अंदर रखे ट्रंक और बक्से को तोड़कर सारा सामान बाहर निकाल दिया गया है। चोरी के बाद चोरों ने कपड़े व अन्य घरेलू सामान घर के पीछे बाड़ी में फेंक दिया। पीड़िता ने बताया कि चोर चांदी के लगभग 10 भरी का गले का हार, 10 भरी की पायल, 5 भरी की एक अन्य पायल, 2 भरी का कान का जेवर, 2 भरी की बलिया, 5 भरी का चनन हार तथा करीब 25 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गया। इसके बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार व स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि थाने को अब तक इस घटना की कोई लिखित सूचना प्राप्त नहीं हुई है। आवेदन मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

































