न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के राम विशनपुर वार्ड 7 में रविवार रात दो घरों मेंअज्ञात चोरों ने हाथ साफ किया।चोरों ने 56 हजार रुपये नकद, करीब 60 हजार रुपये के जेवर और तीन साड़ियां चुरा लीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गृहस्वामी हरि मुखिया की पत्नी मुनर देवी ने बताया कि सोमवार सुबह जब वे जागे तो घर से दो बक्से गायब थे। काफी खोजबीन के बाद बक्से घर के पीछे खेत में फेंके हुए मिले। बक्सों में जमीन के कागजात, रसीद और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बिखरे पड़े थे।
मुनर देवी के अनुसार, चोर 50 हजार रुपये नकद और करीब 60 हजार रुपये के गहने ले गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि हरि मुखिया के बेटे की हाल ही में शादी हुई थी, जिसके कारण घर में गहने और नकदी मौजूद थी।
वहीं, दूसरे गृहस्वामी डोमर मुखिया ने बताया कि उनके घर से भी एक बक्सा गायब था। यह बक्सा भी घर के पीछे खेत में फेंकी हुई अवस्था में मिला। बक्से में सभी जरूरी कागजात सुरक्षित थे।डोमर मुखिया के घर से चोर 6 हजार रुपये नकद और तीन साड़ियां चुरा ले गए। इस चोरी को लेकर राम विशनपुर मुखिया प्रतिनिधि बबलू दास, सरपंच, अन्य जनप्रतिनिधि ने राघोपुर थानाध्यक्ष से पंचायत में गस्ती बढ़ाने की मांग की। जिससे की चोरी और अन्य घटनाओं से लोग बच सके। इस मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि जांच पड़ताल की जा रही है।


























