न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/ राघोपुर
राघोपुर थाना क्षेत्र में चोरों ने पुलिस की नाक के नीचे एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना परिसर की दीवार से सटे एक बुलेट मोटरसाइकिल सर्विस सेंटर में चोरों ने चदरा लगी दीवार को काटकर हजारों रुपये मूल्य के मोटरसाइकिल पार्टस पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़ित दुकानदार राकेश कुमार ने बताया कि वह रोज की तरह सुबह जब सर्विस सेंटर खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देख दंग रह गए। दुकान की चदरा लगी दीवार कटी हुई थी और अंदर रखा सारा सामान बिखरा पड़ा था। इससे स्पष्ट है कि चोरों ने रात के अंधेरे में सुनियोजित तरीके से चोरी की घटना को अंजाम दिया। राकेश कुमार ने बताया कि चोर उनके गैराज से करीब 80 से 90 हजार रुपये मूल्य के नए मोटरसाइकिल पार्ट्स चोरी कर ले गया। बताया कि चोरी गए सामान में इनभाइटर, विभिन्न मोटरसाइकिल पार्ट्स, लाइट, मोबिल, सीट, ले गार्ड, जाली सेट समेत कई कीमती सामान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यह सर्विस सेंटर ही उनकी रोजी-रोटी का मुख्य साधन है और इस चोरी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा पीड़ित दुकानदार से विस्तृत जानकारी ली।
इधर, इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि सिमराही बाजार क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस अब तक एक भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। रविवार की रात थाना परिसर से सटे हुई इस चोरी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिया है। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि पुलिस इसी तरह निष्क्रिय बनी रही तो वह दिन दूर नहीं जब चोर सीधे थाना परिसर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देंगे। लोगों ने गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अविलंब अंकुश लगाने की मांग की है। लोगों ने कहा कि राघोपुर पुलिस रात भर एनएच 27 पर मवेशी सहित अन्य वाहनों से अवैध उगाही में लगी रहती है और चोर अपना घटना को अंजाम देने में लगा रहता है।
इस बावत राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मामले के लेकर जांच की जा रही है, बहुत जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।


























